Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित 5, सुनहरी बाग रोड आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने समारोह में शिरकत की।
समारोह में यूपीए की पूर्व चेयरपर्सन एवं सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत सहित देशभर से पहुंचे वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के नेताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से आत्मीय मुलाकात की। साथ ही देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को लेकर चर्चा भी हुई।
समारोह की तस्वीरें डॉ. चरणदास महंत ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली हमें सिखाती है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, आशा और विश्वास का एक दीपक उसे मिटाने की शक्ति रखता है। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति जैसी चुनौतियां हैं। ऐसे समय में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।

