Raipur Latest News: 6 दिसंबर को होगा साहू युवक-युवती परिचय सम्मेलन, पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़कर 25 नवंबर हुई

Raipur Latest News: 6 दिसंबर को होगा साहू युवक-युवती परिचय सम्मेलन, पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़कर 25 नवंबर हुई

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में साहू समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन आगामी 6 दिसंबर 2026 को संतोषी नगर स्थित मां कर्मा धाम में आयोजित किया जाएगा। शहर जिला साहू संघ, रायपुर के तत्वावधान में होने वाले इस सम्मेलन में प्रदेशभर से विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल होंगे। यहां प्रतिभागियों को मंच से अपना परिचय देने और अपने लिए योग्य जीवनसाथी तलाशने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में अधिक संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

सम्मेलन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर 2026 कर दी गई है। पहले पंजीयन की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई थी, लेकिन सामाजिक बंधुओं के आग्रह पर इसे पांच दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। शहर जिला साहू संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू सहित प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विवाह योग्य युवक-युवतियों की परिचय पत्रिका ‘मोर संगवारी’ का विमोचन होगा। इस पत्रिका में पंजीकृत प्रतिभागियों का परिचय प्रकाशित किया जाएगा और इसकी प्रतियां उन्हें वितरित की जाएंगी। इस वर्ष सम्मेलन में विशेष पहल करते हुए युवक-युवतियों और उनके परिजनों के बीच आपसी संवाद एवं काउंसिलिंग के लिए अलग से बैठक व्यवस्था की जाएगी। इससे परिवारों को एक-दूसरे को समझने और भावी रिश्तों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।

दिलीप साहू ने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिजनों से 25 नवंबर तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीयन कराने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने के लिए शहर जिला साहू संघ के पदाधिकारी, 10 परिक्षेत्रों एवं 70 वार्डों के अध्यक्ष-पदाधिकारी, सामाजिक पार्षद, एल्डरमेन और समाज के सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।

प्रेसवार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष लीलाधर साहू, जिला उपाध्यक्ष ऋषि साहू, उपाध्यक्ष किरण साहू, महामंत्री कमल नारायण साहू, गिरधर साहू, संगठन सचिव माखन लाल साहू, संपादक सुंदर लाल साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Related Articles