Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी। उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी आएंगे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है। इस दौरान भाजपा संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी। 25 और 26 अक्टूबर को पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के साथ लगातार बैठकें निर्धारित हैं।
स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक तैयारियां की गई हैं। पार्टी की योजना के अनुसार, 20 मंडलों से कार्यकर्ता स्वागत के लिए पहुंचेंगे। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की ओर से बाइक रैली निकालने की भी तैयारी है। रास्ते में विभिन्न स्थानों और चौक-चौराहों पर स्वागत मंच बनाए जाने की जानकारी दी गई है।
25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू होगा। प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। शाम को पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद के बाद भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी।
26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू विधायकों तथा सांसदों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन से जुड़े विषयों और संबंधित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार के सभी मंत्रियों के साथ बैठक निर्धारित है। इस दौरान मंत्रियों से उनके विभागों के कामकाज और उपलब्धियों की जानकारी ली जाएगी। बैठक में सरकार की योजनाओं और संगठन के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
दौरे के दूसरे दिन दोपहर बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों से संवाद का कार्यक्रम रखा गया है। दो दिवसीय दौरे में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजनाओं और पार्टी के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय पर फोकस रहेगा।

