Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: नगर पंचायत उतई के सभापति एवं पार्षद लक्ष्मीनारायण साहू ने कांग्रेस द्वारा वोट चोरी के आरोपों को लेकर किए जा रहे प्रचार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं, यदि उनके साथ वास्तव में अन्याय हुआ है तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली जा रही बाइक रैली को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
BLO की मेहनत का नतीजा है मतदाता सूची
लक्ष्मीनारायण साहू ने कहा कि वे पिछले 15 वर्षों से भाजपा बूथ अध्यक्ष रहे हैं और अपने अनुभव के आधार पर कह सकते हैं कि एक BLO मतदाता सूची को दोषरहित बनाने के लिए कितनी मेहनत और शिद्दत से काम करता है। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों BLO ने कड़ी मेहनत कर मतदाता सूची तैयार करने में अपनी भूमिका निभाई है।
BLO को चोर बताना उनका अपमान
साहू ने कहा कि कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम लाखों BLO की मेहनत का परिणाम है, लेकिन आज उन्हीं BLO पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग AC कमरों में बैठकर BLO को चोर घोषित कर रहे हैं, जो सभी सम्मानित BLO का घोर अपमान है।
उतई के BLO ने पूरी निष्ठा से किया SIR का काम
नगर भाजपा अध्यक्ष और आम मतदाता के तौर पर लक्ष्मीनारायण साहू ने कहा कि उतई नगर और आसपास के क्षेत्र के सभी BLO भाई-बहनों ने पूरी निष्ठा के साथ दिन-रात मेहनत कर SIR की ड्यूटी पूरी की है। उन्होंने बताया कि उनके अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए उनके बूथ की BLO ने भी कई बार संपर्क किया और आवश्यक दस्तावेज लिए।
BLO समेत सभी कर्मचारियों का जताया आभार
लक्ष्मीनारायण साहू ने अपने बूथ की BLO सहित सभी BLO का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ अपना काम किया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को लेकर लगाए जा रहे आरोपों से पहले BLO की मेहनत और प्रक्रिया को समझना जरूरी है।
बाइक रैली पर साधा निशाना, बोले- भ्रामक प्रचार बंद करें
साहू ने कहा कि जो लोग आज बाइक रैली निकालकर आम जनता के बीच वोट चोरी के नाम पर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, उनका नाम आज भी मतदाता सूची में शामिल है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम काटे गए हैं, उनके संबंध में पूरी जानकारी और दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने कांग्रेस से वोट चोरी के नाम पर किए जा रहे प्रचार और प्रदर्शन को बंद करने की अपील की।

