Chhattisgarh Latest News: शराब घोटाले का फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी

Chhattisgarh Latest News: शराब घोटाले का फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद अब उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाने की प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि विकास अग्रवाल वर्ष 2023 से फरार था और करीब एक सप्ताह पहले उसे दुबई में पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, विकास अग्रवाल को भारत लाने के लिए ACB/EOW की विशेष टीम UAE रवाना हो सकती है। इस टीम में एजेंसी के प्रमुख अमरेश मिश्रा भी शामिल हो सकते हैं। विदेश दौरे और आरोपी को भारत लाने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, प्रत्यर्पण या भारत वापसी की प्रक्रिया और उसकी तारीख को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।

विकास अग्रवाल पर शराब घोटाले के दौरान डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारकों से कमीशन वसूलने का आरोप है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसे कथित अवैध फंड अनवर ढेबर तक पहुंचाने वाली अहम कड़ी माना जाता है। अब भारत लाए जाने के बाद ACB/EOW उससे कथित अवैध लेनदेन, कमीशन वसूली और रकम के अंतिम लाभार्थियों के संबंध में पूछताछ कर सकती है।

विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को शराब घोटाले की जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। जांच एजेंसियों की पूछताछ में यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित तौर पर वसूली गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।


Related Articles