Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। बस्तर जिले के भानपुरी विकासखंड अंतर्गत बेसौली स्थित छात्रावास की छात्राएं भोजन और अन्य सुविधाओं में कथित अव्यवस्थाओं से परेशान होकर अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं ने अधीक्षिका सुलोचना दीवान को हटाकर उनके स्थान पर नई अधीक्षिका नियुक्त करने की मांग की है। छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में उन्हें भरपेट भोजन नहीं दिया जा रहा और दाल के नाम पर केवल पानी परोसा जाता है। इसके अलावा जरूरी सामग्रियों में कटौती और अधीक्षिका के व्यवहार को लेकर भी उन्होंने शिकायत की है।
स्कूल की ड्रेस पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं छात्राओं ने लिखित आवेदन के माध्यम से अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। उनका कहना है कि छात्रावास में भोजन, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों से जुड़ी व्यवस्थाएं ठीक नहीं हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि सितंबर 2026 में अधीक्षिका सुलोचना दीवान की पदस्थापना के बाद से व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं।
छात्राओं के मुताबिक अधीक्षिका भानपुरी से आना-जाना करती हैं और छात्रावास में नहीं रुकतीं। वे कथित तौर पर केवल एक से डेढ़ घंटे के लिए छात्रावास आती हैं। शिकायत करने पर उनके चिड़चिड़े व्यवहार का सामना करना पड़ता है। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि किसी बच्ची के बीमार होने पर समुचित व्यवस्था करने के बजाय उसके पालकों को बुलाने की बात कही जाती है।
छात्राओं ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि दीपावली के बाद से अधीक्षिका छुट्टी से वापस नहीं लौटी हैं। हालांकि छात्राओं ने मीडिया के सामने कैमरे पर अपनी बात रखने से इनकार कर दिया, लेकिन सामूहिक रूप से कलेक्ट्रेट पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और अधीक्षिका को बदलने की मांग की।
छात्राओं की शिकायतों ने छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता, आवश्यक सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब प्रशासन के सामने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की जिम्मेदारी है। छात्रावास में रहने वाली बच्चियों के पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा यह मामला गंभीर है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिकायत पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

