Chhattisgarh Latest News: भाजपा ने मिशन-2028 का किया शंखनाद, स्मृति ईरानी बोलीं- चुनावी लक्ष्य ही नहीं, छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन का संकल्प

Chhattisgarh Latest News: भाजपा ने मिशन-2028 का किया शंखनाद, स्मृति ईरानी बोलीं- चुनावी लक्ष्य ही नहीं, छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन का संकल्प

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने मिशन-2028 को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। रविवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता मिशन-2028 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मिशन-2028 को केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन से जुड़ा संकल्प बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना को आदर्श मानते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। ईरानी ने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों से नहीं जीते जाते, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, जनता से आत्मीय जुड़ाव और संगठन की मजबूती की इसमें अहम भूमिका होती है। उन्होंने आगामी चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी का भरोसा भी जताया।

रायपुर पहुंचने पर स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू का पार्टी की ओर से स्वागत किया गया। इस दौरान बड़े-बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के प्रदर्शन से बचते हुए पार्टी के ध्वजों के माध्यम से स्वागत किए जाने की जानकारी दी गई। प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।

दौरे के पहले दिन संगठनात्मक बैठकों की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के साथ हुई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और अन्य महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रदेश पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद संभाग और जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों तथा जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई। दोपहर बाद पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ विचार-विमर्श किया गया। शाम को पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों तथा निगम, मंडल और आयोग के अध्यक्षों के साथ भी बैठकें आयोजित की गईं।

बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी लक्ष्यों को लेकर चर्चा की गई। मिशन-2028 के तहत पार्टी की रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर संवाद और समन्वय पर जोर दिया गया।


Related Articles