Korba News: छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर की पटरी पर कबाड़ चोर गिरोह की नजर, जटगा में 6.5 टन ट्रैक बरामद

Korba News: छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर की पटरी पर कबाड़ चोर गिरोह की नजर, जटगा में 6.5 टन ट्रैक बरामद

Chhattisgarh Korba News: कटघोरा। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन की पटरी चोरी का मामला सामने आया है। कोरबा के जटगा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान में दबिश देकर करीब 6.5 टन वजनी 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की है। मौके से चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर, अन्य उपकरण और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है।

मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। यहां आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत चल रहे नई रेल लाइन के निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था। इसी दौरान किराए के मकान में बड़ी मात्रा में रेलवे की कटी हुई पटरी रखे जाने की जानकारी पुलिस को मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस ने मकान में दबिश दी, जहां करीब 6.5 टन वजन की 36 नग रेलवे पटरी बरामद हुई। इसके अलावा गैस कटर, चार ऑक्सीजन सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर, अन्य उपकरण और स्वराज माजदा वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है। प्रारंभिक तौर पर मामला रेलवे निर्माण सामग्री की चोरी से जुड़ा माना जा रहा है।

पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मकान किराए पर लेने वाला राजू कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि जटगा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन बिछाने का काम चल रहा है और निर्माण कार्य अलग-अलग कंपनियों को सौंपा गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही रेलवे पटरी को कहां से काटकर लाया गया और इस मामले में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस मामले की जांच के साथ फरार आरोपी की तलाश कर रही है।


Related Articles