Kondagaon News: चमोली हादसे में 4 मजदूरों की मौत, दो घायल; CM साय ने मृतक परिवारों और घायलों के लिए की मदद की घोषणा

Kondagaon News: चमोली हादसे में 4 मजदूरों की मौत, दो घायल; CM साय ने मृतक परिवारों और घायलों के लिए की मदद की घोषणा

Chhattisgarh Kondagaon News: कोंडागांव। उत्तराखंड के चमोली जिले में 13 अगस्त को हुए दर्दनाक टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में कुल 10 श्रमिकों की जान गई है। मृतकों में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक शामिल हैं। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं हादसे में घायल जिले के दो श्रमिकों को इलाज के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में जिले के दो अन्य श्रमिक घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।

उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर-पीपलकोटी टनल में 13 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण हादसा हुआ था। इस दौरान 22 श्रमिक टनल के अंदर फंस गए थे। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत अन्य राहत एवं बचाव दलों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पहले दिन चार श्रमिकों के शव बरामद किए गए, जबकि अगले दिन तीन और शव मिले। इसके बाद 15 अगस्त को एक और 16 अगस्त को दो शव बरामद किए गए। इस तरह हादसे में कुल 10 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई।

बताया गया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने करीब 117 घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने अभियान जारी रखा और टनल के अंदर फंसी मशीनों को भी बाहर निकाला। हादसे में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के चार श्रमिकों के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री साय की आर्थिक सहायता की घोषणा से उन्हें कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


Related Articles