रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेधावी बेटी सौम्या राठौर ने अपनी शैक्षणिक और व्यावहारिक योग्यता के दम पर सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली में स्थान बनाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सौम्या का चयन भारत के सर्वोच्च न्यायालय में जस्टिस चंद्रशेखर के कोर्ट में ‘लीगल असिस्टेंट कम रिसर्च एसोसिएट’ के पद पर हुआ है।
माता-पिता भी शासकीय सेवाओं से जुड़े
सौम्या जनसंपर्क संचालनालय, रायपुर के संयुक्त संचालक धनंजय राठौर और आकाशवाणी रायपुर की उद्घोषिका रोशनी राठौर की बेटी हैं। राठौर परिवार मूल रूप से जांजगीर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर में निवासरत है। सौम्या की छोटी बहन शौर्या राठौर भी मेधावी छात्रा हैं और वर्तमान में शासकीय मेडिकल कॉलेज, जगदलपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।
MHCET में हासिल की ऑल इंडिया 23वीं रैंक
सौम्या ने लॉ प्रवेश परीक्षा MHCET में ऑल इंडिया 23वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने मुंबई स्थित प्रतिष्ठित गवर्नमेंट लॉ कॉलेज (GLC) से लीगल साइंस और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की परीक्षा में रहीं प्रथम
लॉ की पढ़ाई पूरी करने के बाद सौम्या ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की लीगल असिस्टेंट परीक्षा में पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद मार्च 2026 से वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस एन.के. चंद्रवंशी के कोर्ट में लीगल असिस्टेंट के रूप में सेवाएं दे रही थीं।
अब सुप्रीम कोर्ट में रिसर्च एसोसिएट के रूप में चयन होने पर सौम्या ने अपनी उपलब्धियों की सूची में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।

