Chhattisgarh Katghora News : कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आंची दादर इलाके में एक सुनसान कमरे के अंदर युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय अभिनय रजक, पिता शंकर रजक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह युवक का शव आंची दादर इलाके में स्थित एक सुनसान कमरे के अंदर मिला। ग्रामीणों ने कमरे के भीतर शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना कटघोरा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

