Raipur News : पैरी नदी पर 6 साल से अधूरा पुल, 20 फीट ऊंची सीढ़ी से नदी पार कर रहे बच्चे; CM को लिखा पत्र

Raipur News : पैरी नदी पर 6 साल से अधूरा पुल, 20 फीट ऊंची सीढ़ी से नदी पार कर रहे बच्चे; CM को लिखा पत्र

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड में देहारगुड़ा और खामभाठा के बीच पैरी नदी पर बन रहा करीब 300 मीटर लंबा पुल लगभग छह वर्षों से अधूरा पड़ा है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर अधूरे पुल के पिलर से लगी करीब 20 फीट ऊंची लोहे की सीढ़ी के सहारे नदी पार करनी पड़ रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि पुल का निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों के लिए तत्काल सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। अधूरे पुल से निकले लोहे के सरिए, ऊंची और फिसलन भरी सीढ़ी तथा नीचे बहती तेज नदी के कारण बच्चों की आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले ही प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

गांधी ने पुल निर्माण को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा उनकी जान की कीमत पर नहीं हो सकती। लंबे समय से पुल का निर्माण अधूरा होने के कारण स्थानीय लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस पूरे मामले के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा और गंभीर हो गया है। इदरीस गांधी ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने और पुल का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को जोखिम भरे रास्ते से नदी पार करने के लिए मजबूर न होना पड़े।


Related Articles