बलरामपुर ब्रेकिंग: NH-343 की बदहाली के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी और स्थानीय लोग, राजपुर में जोरदार प्रदर्शन

बलरामपुर ब्रेकिंग: NH-343 की बदहाली के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी और स्थानीय लोग, राजपुर में जोरदार प्रदर्शन

CG Balrampur News: बलरामपुर। जिले में नेशनल हाईवे-343 की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आक्रोश अब सड़क पर दिखाई दे रहा है। अंबिकापुर से रामानुजगंज तक जर्जर सड़क, बड़े-बड़े गड्ढों और जगह-जगह जलभराव से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राजपुर तहसील कार्यालय के सामने प्रदर्शन
NH-343 की खराब हालत के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने राजपुर तहसील कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।

कीचड़ में लगाया ‘बेशर्म’ का पौधा
विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बदहाल और कीचड़ से सनी सड़क पर प्रतीकात्मक रूप से ‘बेशर्म’ का पौधा लगाकर सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

बारिश के बाद और बिगड़े हालात
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश के बाद NH-343 की स्थिति और भी खराब हो गई है। सड़क पर कीचड़, गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। वहीं, सड़क की बदहाली के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लेने और मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। फिलहाल राजपुर तहसील कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन जारी है। NH-343 की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है।


Related Articles