Janjgir-Champa Crime News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कांग्रेस नेता के बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि पैसों के विवाद, कारोबार की प्रतिस्पर्धा और पुरानी रंजिश के चलते सुपारी लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया था। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है।
पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल की रात तीन नकाबपोश बदमाश पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष और व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे थे। इस दौरान उन्होंने सम्मेलाल कश्यप के बेटे आयुष कश्यप (19) के सिर और सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है—
- हेमंत कुमार बघेल (23)
- भूषण बघेल (23)
- अमित टंडन (28)
तीनों आरोपी करही गांव के ही रहने वाले हैं।
पिता की हत्या की भी थी साजिश
जांच में सामने आया है कि आरोपी भूषण बघेल ने वर्ष 2023 में आयुष के पिता सम्मेलाल कश्यप की हत्या के लिए 7 लाख रुपए की सुपारी ली थी, लेकिन वह उस वारदात को अंजाम नहीं दे पाया था। पुलिस के अनुसार अन्य आरोपी भी सम्मेलाल कश्यप और उनके परिवार से व्यवसायिक दुश्मनी रखते थे। हालांकि सुपारी किसने दी थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
गुजरात भागकर छिपे थे आरोपी
वारदात के बाद आरोपी गुजरात भाग गए थे और वहां मजदूरी कर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को संदेह होने पर उन्हें पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ बुलाया गया, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल, उसकी मैगजीन, एक खाली मैगजीन और एक बाइक बरामद की है। मामले का मास्टरमाइंड और कुछ अन्य सहयोगी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
ऐसे हुई थी सनसनीखेज वारदात
जानकारी के मुताबिक 23-24 अप्रैल की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे तीन नकाबपोश बदमाश सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे थे। वारदात से पहले बदमाशों ने माता-पिता को कमरे में बंद कर दिया और फिर परिवार के सदस्यों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
हमले में आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाश घर से करीब 50-60 हजार रुपए नकद और एक आईफोन लूटकर फरार हो गए थे।
पढ़ाई कर रहा था आयुष
मृतक आयुष कश्यप बीएएलएलबी सेकेंड ईयर का छात्र था। उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप 10वीं का छात्र है और बिलासपुर में रहकर पढ़ाई करता है। परिवार की बेटी प्रेरणा कश्यप जगदलपुर जिले के अंजर पोस्ट ऑफिस में बीपीएम पद पर पदस्थ है। घटना के समय तीनों भाई-बहन एक ही कमरे में सो रहे थे।

