रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हो रहे सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अभ्यर्थियों के नाम जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यूपीएससी केवल एक प्रतियोगी परीक्षा नहीं, बल्कि यह अभ्यर्थियों की लगन, कड़े अनुशासन और दृढ़ संकल्प की भी परीक्षा है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों ने लंबे समय तक कठिन परिश्रम और निष्ठा के साथ तैयारी की है। अब समय पूरे आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ परीक्षा कक्ष में बैठने का है।
चुनौतियां बनाती हैं मजबूत
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि जीवन में आने वाली हर चुनौती व्यक्ति को अधिक सक्षम, परिपक्व और अनुभवी बनाती है। इसलिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के तनाव से दूर रहकर स्वयं पर अटूट विश्वास बनाए रखना चाहिए।
ओपी चौधरी ने कहा कि परीक्षा के दौरान धैर्य, एकाग्रता और सकारात्मक सोच बेहद महत्वपूर्ण होती है। यदि अभ्यर्थी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
वित्त मंत्री ने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनका कठिन परिश्रम और समर्पण निश्चित रूप से सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे प्रतिभाशाली और संवेदनशील युवाओं की आवश्यकता है, जो भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकें।

