छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर घमासान, भूपेश बघेल बोले- फैसला हाईकमान करेगा

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर घमासान, भूपेश बघेल बोले- फैसला हाईकमान करेगा

CG Congress News: रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बीच जारी सियासी खींचतान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि वे टीएस सिंहदेव के किसी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते।

रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक बैज पिछले तीन से साढ़े तीन वर्षों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं। किसे नेता प्रतिपक्ष बनाना है और किसे प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देनी है, इसका फैसला पार्टी हाईकमान करता है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में अपनी बुद्धि नहीं लगाते।

विवाद के बाद पहली बार साथ दिखे बैज और सिंहदेव

प्रदेश कांग्रेस में बयानबाजी के बीच कोरबा में आयोजित राज्य स्तरीय महासम्मेलन में दीपक बैज और टीएस सिंहदेव पहली बार साथ नजर आए। दोनों नेताओं का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे हंसते हुए मुलाकात करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दीपक बैज, टीएस सिंहदेव के पैर छूते नजर आए, जबकि सिंहदेव ने उन्हें गले लगाकर बातचीत की।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा था कि वे छत्तीसगढ़ में रहकर ही काम करना चाहते हैं।

इसके जवाब में दीपक बैज ने कहा था कि बाबा साहब बड़े नेता हैं और उन्हें दिल्ली जाकर काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश में युवाओं को मौका देने की बात कही थी।

‘मैं अभी भी सक्रिय हूं’

टीएस सिंहदेव ने अपने बयान में कहा था कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी संगठन और अपने क्षेत्र को मजबूत करना है। उन्होंने इशारों में यह भी कहा कि बड़े नेताओं की चर्चा हो रही है तो यह भी देखा जाना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा।

उन्होंने कहा कि वे लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने के लिए तैयार हैं।

बैज को लेकर भी दिया बयान

टीएस सिंहदेव ने दीपक बैज को युवा नेता बताते हुए कहा कि वे भविष्य में मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बैज खुद चुनाव हार चुके हैं और उनके जिले की सीटें भी कांग्रेस नहीं बचा पाई। साथ ही लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

सिंहदेव ने कहा कि हर कांग्रेसी की जिम्मेदारी है कि वह अपने क्षेत्र में संगठन और जनता के बीच पार्टी को मजबूत करे।


Related Articles