Chhattisgarh Balod News: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से Nitrosun-10 की 1,500 टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशीली गोलियां बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। मामला बालोद थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना तथा एसडीओपी विनय साहू के मार्गदर्शन में जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को बालोद थाने में पदस्थ निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली कि तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ लोग बाइक और स्कूटी में नशीली दवाइयां रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की 1,500 टैबलेट बरामद हुईं। इसके अलावा नकदी, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने नशीली गोलियां ओडिशा के भुवनेश्वर से लाने की बात बताई। मामले में बालोद थाने में अपराध क्रमांक 0574/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 22(ग) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस जब्त सामग्री और आरोपियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करने की अपील भी की है।

