दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की राहुल गांधी से आत्मीय मुलाकात, संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन

दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की राहुल गांधी से आत्मीय मुलाकात, संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। अभनपुर में आयोजित कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदेशभर से आए जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी राहुल गांधी से आत्मीय भेंट कर दुर्ग जिले की संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की तथा उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

करीब तीन घंटे तक चले इस रणनीतिक संवाद में राहुल गांधी ने कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की मजबूती और भविष्य की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक, संवैधानिक और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित एक जनआंदोलन है। उन्होंने देश की आजादी, संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में कांग्रेस के योगदान का भी उल्लेख किया।

राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है। प्रत्येक जिलाध्यक्ष का दायित्व है कि वह गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए आम जनता से निरंतर संवाद बनाए रखे।

बैठक के दौरान आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी ने बूथ मैनेजमेंट, जनसंपर्क अभियान, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, किसान एवं श्रमिकों के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को संगठन की प्रमुख रणनीति बताया।

मुलाकात के बाद जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का मार्गदर्शन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा दिए गए संगठनात्मक सूत्रों को दुर्ग (ग्रामीण) जिले में पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।


Related Articles