Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने ही विभाग में कार्यरत एक बाबू से भविष्य निधि (PF) की राशि जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। ACB की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।
बेटी की शादी के लिए चाहिए थी PF की राशि
जानकारी के अनुसार, विद्युत यांत्रिकी विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपनी बेटी की शादी के खर्च के लिए अपने भविष्य निधि (PF) खाते से 5 लाख रुपये निकालने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी करने के एवज में सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
ACB से की शिकायत, रची गई योजना
रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ आरोपी
ACB की टीम ने रिश्वत की रकम बरामद करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उससे पूछताछ शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार पर ACB की लगातार कार्रवाई
प्रदेश में सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के लिए ACB लगातार ट्रैप कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो नागरिक इसकी शिकायत ACB से कर सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है.

