Durg News: दिनदहाड़े बड़ी वारदात: लॉक कार से ₹4.90 लाख चोरी, पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में

Durg News: दिनदहाड़े बड़ी वारदात: लॉक कार से ₹4.90 लाख चोरी, पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलगांव थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा ₹4 लाख 90 हजार नकद से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी, जो देव एग्रो इंडस्ट्रीज के संचालक हैं, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर से ₹4.90 लाख नकद लेकर निकले थे। यह रकम उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए देनी थी। नकदी काले रंग के बैग में रखी हुई थी।

सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अपनी स्विफ्ट कार पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने लॉक कर खड़ी की और दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने परिचित की दुकान चले गए। इस दौरान इंदिरा मार्केट में चाय पीने के बाद उन्हें उत्सव शोरूम के संचालक का फोन आया कि उनकी कार का अगला शीशा टूटा हुआ है।

मौके पर पहुंचने पर प्रमोद महेश्वरी ने देखा कि कार में रखा नकदी से भरा बैग गायब था। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। मामले की जांच जारी है।


Related Articles