Durg News: खाद-बीज संकट और अस्पताल लापरवाही पर कांग्रेस का प्रदर्शन, ताम्रध्वज साहू ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Durg News: खाद-बीज संकट और अस्पताल लापरवाही पर कांग्रेस का प्रदर्शन, ताम्रध्वज साहू ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दुर्ग कलेक्टर को विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद, डीएपी, यूरिया और बीज की उपलब्धता में आ रही समस्याओं के साथ-साथ जिला अस्पताल में रिसाली निवासी दीपिका गाड़ा की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग की गई।

ताम्रध्वज साहू ने कहा कि खरीफ सत्र शुरू होने के बावजूद जिले की कृषि सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध नहीं हैं। किसानों को डीएपी, यूरिया, एसएसपी, एमओपी सहित अन्य उर्वरकों के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। अधिकांश समितियों में अब तक सभी आवश्यक खादों का भंडारण नहीं हो पाया है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में केवल लगभग 30 प्रतिशत किसान ही निर्धारित कटौती वाली मात्रा में खाद प्राप्त कर पाए हैं। वहीं धान बीज की उपलब्धता भी बेहद सीमित है और केवल सरना किस्म का धान बीज उपलब्ध कराया गया है, जिसकी गुणवत्ता को लेकर भी किसानों में असंतोष है। मानसून की दस्तक से पहले किसान खेतों की तैयारी करने के बजाय खाद और बीज की व्यवस्था में भटकने को मजबूर हैं।

किसानों को राहत देने रखीं 9 प्रमुख मांगें

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रशासन से किसानों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें प्रति एकड़ खाद की पूर्व निर्धारित वैज्ञानिक मात्रा बहाल करने, सभी प्रकार के उर्वरकों की एकमुश्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को एक ही बार में खाद उपलब्ध कराने और खुले बाजार में खाद विक्रेताओं पर नियंत्रण स्थापित करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा अऋणी किसानों को सहज रूप से खाद उपलब्ध कराने, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को अनिवार्य के बजाय वैकल्पिक रखने, समितियों में उच्च गुणवत्ता वाले विभिन्न किस्मों के धान बीज उपलब्ध कराने, सब्जी उत्पादक किसानों के लिए अलग व्यवस्था बनाने तथा हरित खाद को 90 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

जिला अस्पताल की व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने रिसाली निवासी दीपिका गाड़ा की मौत के मामले का भी उल्लेख करते हुए जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, रिसाली महापौर शशि सिन्हा, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, दिनेश केशरवानी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रिवेन्द्र यादव, महामंत्री योगिता चंद्राकर, लक्ष्मी साहू, जनपद सदस्य झमित गायकवाड़, डॉ. पिलेश्वर साहू, रूपेश देशमुख, गीता महानंद, सोनिया देवांगन, संतु मानिकपुरी, संगीता सिंह, जयंती महानंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Related Articles