Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नगर निगम के सफाईकर्मी अविनाश परिहार उर्फ नासो (26) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सिद्धार्थ नगर स्थित ग्राउंड में हुई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, अविनाश शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से नगर निगम की ड्यूटी पर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनके सिद्धार्थ नगर ग्राउंड में होने की जानकारी मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने दावा किया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो दो नाबालिग अविनाश पर चाकू से हमला कर रहे थे। उसे देखकर दोनों मौके से भाग निकले।
वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर वारदात में शामिल सभी आरोपियों की पहचान करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों नाबालिगों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

