Durg Latest News: दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 9 आरोपियों को पकड़ा, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार

Durg Latest News: दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 9 आरोपियों को पकड़ा, मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान से करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं। 23 अक्टूबर को लौटने पर उन्हें आलमारी से नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और राहुल बंसोड़ पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस की टीमें गोंदिया और नागपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों की तलाश में जुटीं।

उत्तर प्रदेश में पुलिस ने प्रदीप कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम और सोने के आभूषण बरामद किए गए। आरोपियों ने नकदी और जेवर घर के फर्श के नीचे गड्ढा खोदकर छिपा रखे थे। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि चोरी के कुछ आभूषण भदोही के ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को बेचे गए थे।

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि ज्वेलर्स ने कुछ सोने के आभूषणों को भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदलने की कोशिश की थी। वहीं, मुख्य आरोपी राहुल ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड एक्सयूवी कार खरीदी थी। प्रदीप ने भी चोरी के पैसों का इस्तेमाल सुपर स्प्लेंडर बाइक खरीदने, घर निर्माण और अन्य खर्चों में किया।

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब राहुल चोरी का माल लेने भिलाई पहुंचा। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही वह सुपेला चौक के पास कार छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों को इनोवा वाहन से चोरी का माल लेकर निकलने के लिए कहा। पुलिस ने तड़के करीब 3 बजे घेराबंदी कर इनोवा सवार आरोपियों को पकड़ लिया। वाहन से नकदी और आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस ने चोरी का माल छिपाने वाले परिजनों, ज्वेलर्स और फरार आरोपी को वाहन सहित अन्य सहायता देने वाले सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी की शेष संपत्ति और मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी जांच जारी है।


Related Articles