Dhamtari News: नदी के तेज बहाव में बहने लगे दो बच्चे, महिलाओं की सूझबूझ से बची जान

Dhamtari News: नदी के तेज बहाव में बहने लगे दो बच्चे, महिलाओं की सूझबूझ से बची जान

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। मोहेरा गांव के पास स्थित मोहेरा पुल के नीचे नदी में नहाने गए दो बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगे। मौके पर मौजूद महिलाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में दोनों बच्चों की जान बच गई।

नहाते समय तेज बहाव में फंसे बच्चे

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे मोहेरा पुल के पास नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे दोनों बच्चे संतुलन खो बैठे और बहने लगे। बच्चों को संकट में देख आसपास मौजूद महिलाओं ने बिना समय गंवाए नदी में उतरकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कैमरे में कैद हुआ रेस्क्यू

पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बच्चों को बचाने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाओं की बहादुरी और तत्परता की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

बारिश के मौसम में बरतें सावधानी

बारिश के चलते इन दिनों नदियों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है और कई स्थानों पर तेज बहाव बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों और पुलों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा बच्चों को अकेले नदी में नहाने या खेलने के लिए न भेजें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।


Related Articles