Chhattisgarh Kabirdham News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बोड़ला थाना क्षेत्र के बीचपारा निवासी प्रगति मरकाम (14), पिता राजेश मरकाम ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही बोड़ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोरी ने यह कदम किन कारणों से उठाया। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि रविवार को ही रायपुर में एक नवविवाहिता और कांकेर में एक नाबालिग लड़की द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले भी सामने आए हैं। प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

