Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला में रहने वाला युवक खाने में अंडा नहीं मिलने से नाराज होकर एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जमगला निवासी शिव शंकर को रोज अंडा खाने की आदत थी। घटना वाले दिन जब उसे अंडा नहीं मिला तो वह गुस्से में घर से निकलकर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। लंबी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
परिजनों के मुताबिक, युवक मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

