Chhattisgarh Bilaspur Congress Protest: बिलासपुर: बढ़ती महंगाई और एलपीजी सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक पर एकत्र होकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शाम के समय कांग्रेस भवन से नेहरू चौक तक पदयात्रा निकाली गई, जिसमें कार्यकर्ता बैनर, पोस्टर और झंडे लेकर शामिल हुए। चौक पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने महंगाई के खिलाफ आक्रोश जताया और सरकार से तुरंत राहत देने की मांग की।
जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपए की अभूतपूर्व बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी एकमुश्त वृद्धि पहले कभी नहीं हुई और अब सिलेंडर की कीमत 3100 से 3200 रुपए तक पहुंच गई है, जिसका सीधा असर आम आदमी की थाली पर पड़ रहा है।
वहीं जिला ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि महंगाई से ढाबा संचालक, ठेला व्यापारी, स्ट्रीट फूड विक्रेता और मध्यमवर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कीमतों में कमी नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और जब तक राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन थमने वाला नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में जुटी भीड़ के कारण नेहरू चौक पूरी तरह आंदोलन स्थल में तब्दील हो गया और राहगीर भी रुककर इस विरोध प्रदर्शन को देखते रहे।

