Chhattisgarh News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने कार्यकाल के दो सफल और उपलब्धियों से भरे वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन दो वर्षों में संगठन ने सराफा व्यापारियों की सुरक्षा, संगठनात्मक विस्तार, जागरूकता, डिजिटल सशक्तिकरण और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। अब संगठन तीसरे वर्ष में नई ऊर्जा और बड़े लक्ष्यों के साथ प्रवेश कर रहा है। इसी क्रम में 28 जून को बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा का आयोजन किया जाएगा।
शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेसवार्ता में संगठन की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें संगठन विस्तार अभियान, सराफा जनसंवाद, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड, बीआईएस हॉलमार्क जागरूकता अभियान तथा अन्य प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
28 जून को बिलासपुर में जुटेंगे 5 हजार से अधिक व्यापारी
प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन 28 जून को सुबह 10 बजे से मंगला स्थित रामदेव लॉन (36 मॉल के समीप) में आयोजित होगा। सम्मेलन में प्रदेशभर से लगभग 5 हजार सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। इससे पहले संगठन की आमसभाएं जगदलपुर और जांजगीर में आयोजित हो चुकी हैं, जबकि इस बार न्यायधानी बिलासपुर को मेजबानी का अवसर मिला है।
60 से बढ़कर 125 से अधिक हुई संगठन की इकाइयां
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में संगठन की करीब 60 सक्रिय इकाइयां थीं, जो लगातार विस्तार अभियान के चलते अब बढ़कर 125 से अधिक हो चुकी हैं। संगठन का लक्ष्य प्रदेशभर में 251 इकाइयों का गठन करना है। इसके लिए सभी संभागों में जनसंवाद, आमसभाएं और प्रतिनिधियों की नियुक्ति का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क बड़ी उपलब्धि
संगठन की प्रमुख उपलब्धियों में रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाने की दिशा में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को सबसे बड़ी उपलब्धि माना गया। संगठन का कहना है कि यह परियोजना प्रदेश के सराफा उद्योग को नई पहचान देने के साथ व्यापारिक सुविधाओं और आधुनिक अधोसंरचना को मजबूत करेगी।
ऑपरेशन गोल्ड बना पुलिस-व्यापारी समन्वय की मिसाल
प्रेसवार्ता में बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन गोल्ड का भी विशेष उल्लेख किया गया। सरकंडा क्षेत्र में हुई डकैती का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस और सराफा व्यापारियों के बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया गया। इस सफलता के लिए आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी पुलिस टीम का संगठन ने सम्मान कर आभार जताया।
बीआईएस जागरूकता और सुरक्षा अभियान को मिली गति
बीते दो वर्षों में संगठन ने बीआईएस हॉलमार्क जागरूकता अभियान, ग्राहक जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण कार्यशालाओं और सराफा जनसंवाद अभियान के माध्यम से व्यापारियों और ग्राहकों के बीच विश्वास मजबूत करने का कार्य किया। संगठन ने आम नागरिकों से केवल बीआईएस हॉलमार्क युक्त आभूषण खरीदने की अपील भी की।
महासम्मेलन में धारा 317 रहेगा प्रमुख मुद्दा
महासम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन का कहना है कि इस प्रावधान के कारण सराफा व्यापारियों को व्यावहारिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सम्मेलन में इस विषय पर विस्तृत चर्चा कर शासन से नियमों को सरल और व्यवहारिक बनाने की मांग की जाएगी।
तीसरे वर्ष के लिए बड़े लक्ष्य
कमल सोनी ने कहा कि संगठन अब केवल विस्तार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा, स्वर्णकला बोर्ड की स्थापना, आधुनिक व्यापारिक सुविधाओं के विकास और जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना जैसे बड़े लक्ष्यों पर काम करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन का तीसरा वर्ष नई उपलब्धियों और नई मिसालों का वर्ष साबित होगा।
तैयारियां अंतिम चरण में
महासम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश सचिव प्रकाश गोलछा, प्रदेश कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन जैन, अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं समन्वयक प्रदीप मारोठी घोरपड़े, कार्यकारी अध्यक्ष संजय कानुगा (रायपुर संभाग), उत्तमचंद भंडारी (दुर्ग संभाग), पवन अग्रवाल (बिलासपुर संभाग), राजू दुग्गड़ (बस्तर संभाग), राजेश सोनी (सरगुजा संभाग), संगठन मंत्री सुनील सोनी, मीडिया प्रभारी आलोक सोनी, जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह, जिला सचिव दीपक सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
आयोजन समिति में पंकज पारेख, राजेश शाह, अजय सराफ, प्रमोद वर्मा, नवनाथ आवले, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार, राजू पारेख और सज्जन सोनी विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन, बिलासपुर सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन, तखतपुर, सीपत, मरवाही, बेलतरा, चकरभाठा, करगी रोड-कोटा, बिल्हा-सरगांव और रतनपुर सराफा एसोसिएशन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रेसवार्ता में कल्याण सोनी, श्रीकांत पाण्डेय, प्रमोद वर्मा, सज्जन सोनी, नवनाथ आवले, अजय सराफ सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी उपस्थित रहे।

