Chattisgarh Cooperative Scam: बरमकेला सहकारी बैंक के 8.13 करोड़ के घोटाले की EOW करेगी जांच, जल्द दर्ज होगी FIR

Chattisgarh Cooperative Scam: बरमकेला सहकारी बैंक के 8.13 करोड़ के घोटाले की EOW करेगी जांच, जल्द दर्ज होगी FIR

Chattisgarh Cooperative Scam: रायपुर। बरमकेला सहकारी बैंक शाखा में सामने आए 8.13 करोड़ रुपये के कथित महाघोटाले की जांच अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) करेगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार, शाखा प्रबंधक, लेखाधिकारी और लिपिक सहित आठ कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किए जाने के बाद ईओडब्ल्यू एक-दो दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है।

विशेष ऑडिट रिपोर्ट में सामने आया है कि कथित गबन केवल बरमकेला शाखा तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके तार कई जिलों और सहकारी संस्थाओं तक जुड़े होने की आशंका है। जांच में धान खरीदी, उठाव, उपार्जन केंद्रों से जुड़े वित्तीय लेन-देन, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और डीएमआर खातों के जरिए नियमों के विपरीत करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन के संकेत मिले हैं।

ईओडब्ल्यू जांच शुरू होने के बाद बैंक खातों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री, दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों की गहन पड़ताल करेगा। वहीं बैंक प्रबंधन भी आरोपित कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में होने की बात कह रहा है। सूत्रों का दावा है कि जांच आगे बढ़ने पर सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई प्रभावशाली लोगों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

जांच एजेंसियां इस मामले को संगठित भ्रष्टाचार के रूप में देख रही हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, 8.13 करोड़ रुपये का कथित गबन सरकारी निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। माना जा रहा है कि घोटाले की जड़ें धान खरीदी और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी संवेदनशील योजनाओं तक फैली हो सकती हैं।

प्रारंभिक निष्कर्षों में बैंक की आंतरिक नियंत्रण प्रणाली (Internal Control System) में गंभीर खामियां सामने आने की बात भी कही गई है। जांच का प्रमुख फोकस अब ‘मनी ट्रेल’ का पता लगाना होगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कथित गबन की राशि किन खातों में गई और उसका इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया गया। फिलहाल मामले में ईओडब्ल्यू की कार्रवाई और एफआईआर दर्ज होने का इंतजार है।


Related Articles