CG News: मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान: बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि 3 माह बढ़ेगी, सरचार्ज माफी का मिलेगा लाभ

CG News: मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान: बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि 3 माह बढ़ेगी, सरचार्ज माफी का मिलेगा लाभ

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी। इस निर्णय से अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को राहत प्रदान करना और बिजली उपभोक्ताओं को बकाया भुगतान के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री साय यह घोषणा रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में संत कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित संत कबीर महोत्सव में शामिल होने के दौरान की। इस कार्यक्रम में उनके साथ कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और संत समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि और उनके अनुयायियों की पावन धरती है। उन्होंने बताया कि उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है, इसलिए संत कबीर की वाणी और उनके विचारों का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज में फैली कुरीतियों, छुआछूत, जाति-पांति और धार्मिक आडंबरों के खिलाफ जनजागरण में समर्पित किया। उन्होंने निर्भीक होकर सत्य का साथ दिया और अपने सरल लेकिन प्रभावशाली संदेशों से समाज को नई दिशा प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी संत कबीर की शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश देती हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश को 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम है।

उन्होंने कहा कि एक समय माओवादी हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब सुरक्षा बलों के साहस, केंद्र सरकार के सहयोग और राज्य सरकार के प्रयासों से शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। इन क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश में पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों का विकास किया जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके अलावा श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल सहित संत समाज, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह में संत कबीर के विचारों के प्रसार, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया।


Related Articles