CG Weather Update: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

CG Weather Update: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के शेष हिस्सों में भी जल्द मानसून दस्तक दे सकता है। प्रदेशभर में अगले एक सप्ताह तक मौसम सक्रिय रहने और अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बारिश से मिली राहत, 40 डिग्री से नीचे आया तापमान

मंगलवार शाम राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान राजनांदगांव में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी वर्षा हुई। डौंडी और नांगर में सबसे अधिक 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा कांकेर, दरभा, राजनांदगांव, जगदलपुर, मगरलोड और बड़े राजपुर सहित कई इलाकों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के चलते किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जशपुर, कोरबा, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, बलरामपुर और कई अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

किसानों के लिए राहत की खबर

मानसून की सक्रियता बढ़ने से किसानों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को अब धान और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश का दौर जारी रह सकता है।


Related Articles