Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 5 सितंबर 2026 को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आज रायपुर, सरगुजा, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, महासमुंद और कोरबा में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के झोंके चल सकते हैं।
इसके अलावा कोरिया, रायगढ़, सक्ती, बेमेतरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
6 और 7 सितंबर को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 और 7 सितंबर को भी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि इन दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बारिश के दौरान लोगों को गरज-चमक के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव की स्थिति को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

