CG News:बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में नहर में पलटी आबकारी टीम की वाहन

CG News:बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में नहर में पलटी आबकारी टीम की वाहन

CG News: मुंगेली। मुंगेली-लोरमी नहर रोड पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आबकारी विभाग के लिए किराये पर ली गई एक चारपहिया वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अंकित यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है।

एक ही बाइक पर सवार थे तीन युवक

लालपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए तीनों युवक मुंगेली विकासखंड के बैगाकापा गांव के निवासी थे। वे एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान मुंगेली-लोरमी रोड स्थित एक तिराहे के पास उनकी बाइक आबकारी विभाग की वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

बचाने के प्रयास में नहर में पलटी गाड़ी

पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक ने बाइक सवारों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक सामने आ जाने के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नहर में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

आबकारी विभाग के कर्मचारी भी घायल

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन निजी स्वामित्व की थी, जिसे आबकारी विभाग ने विभागीय कार्यों के लिए किराये पर लिया था। घटना के समय वाहन में आबकारी विभाग की टीम क्षेत्रीय दौरे पर निकली हुई थी। हादसे में वाहन में सवार कुछ कर्मचारी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।

अंकित यादव की मौत से गांव में शोक

घटना में गंभीर रूप से घायल अंकित यादव को डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बैगाकापा गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन चालक, घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक अंकित यादव का शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


Related Articles