CG News: रायपुर में गरजे संजय सिंह, बोले- जनता के हक की लड़ाई में जेल जाना पड़े तो भी पीछे न हटें

CG News: रायपुर में गरजे संजय सिंह, बोले- जनता के हक की लड़ाई में जेल जाना पड़े तो भी पीछे न हटें

Sanjay Singh in Raipur: रायपुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रायपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए यदि जेल भी जाना पड़े तो उससे डरना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना होना चाहिए।

राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में “डबल इंजन नहीं, गड़बड़ इंजन की सरकार” चल रही है। प्रदेश की खनिज संपदा का दोहन हो रहा है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है।

भाजपा और कांग्रेस दोनों पर हमला

संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में किसानों की स्थिति चिंताजनक है और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों स्कूल बंद होने से गरीब बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जंगल और प्राकृतिक संसाधनों को बड़े उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है।

उन्होंने दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव किए गए हैं। वर्ल्ड क्लास स्कूल और मोहल्ला क्लीनिक इसके उदाहरण हैं।

संगठन विस्तार पर जोर

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि पार्टी को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा और कांग्रेस दोनों से निराश हो चुकी है और तीसरे राजनीतिक विकल्प की तलाश कर रही है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन विस्तार पर विशेष फोकस कर रही है और प्रदेश में मजबूत राजनीतिक शक्ति बनकर उभरेगी।

D.Ed अभ्यर्थियों के आंदोलन को दिया समर्थन

कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद संजय सिंह माना-तूता स्थित धरना स्थल पहुंचे, जहां लंबे समय से D.Ed अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं और उनके समर्थन में खड़े रहने का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी कठिन परिस्थितियों में लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं और राज्य सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने अभ्यर्थियों को 5 से 10 सदस्यों की टीम बनाकर सरकार से बातचीत करने की सलाह दी और कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे।

बड़ी संख्या में जुटे पदाधिकारी और कार्यकर्ता

सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत, सह-प्रभारी सौरभ झा और समर कुमार, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, अभिषेक मिश्रा, देवलाल नरेटी, प्रदेश महासचिव वदूद आलम तथा प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Related Articles