Chhattisgarh News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार मछुआरा समाज के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आधार बनाकर प्रदेश में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय मछुआरा संघ के विधानसभा पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह एवं सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने मछुआरा कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय भरत लाल मटियारा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने भी विजन डॉक्यूमेंट-2047 तैयार किया है।
हसदेव-बांगो में बनेगा 37 करोड़ का एक्वा पार्क
मत्स्य क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हसदेव-बांगो जलाशय में 37 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क स्थापित किया जा रहा है। इससे मछली उत्पादन, प्रोसेसिंग, निर्यात और मत्स्य पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि दुधवा जलाशय में वैज्ञानिक पद्धति से तिलापिया और पंगास मछली का पालन किया जा रहा है, जिससे मत्स्य उत्पादन में वृद्धि हो रही है।
मत्स्य पालकों को 5 लाख तक का दुर्घटना बीमा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मत्स्य सहकारी समितियों के सदस्यों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले मत्स्य पालकों को राज्योत्सव में बिलासा देवी केंवट सम्मान से सम्मानित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि गंगरेल डूबान क्षेत्र समिति को ठेका पद्धति समाप्त कर पुनः मछली पालन की अनुमति दी गई है। सरकार मत्स्य पालन को किसानों के लिए लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने सुशासन तिहार के अनुभव साझा करते हुए बताया कि अब तक 31 जिलों का दौरा कर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा भी की, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे दर्ज करा सकेंगे।
नशामुक्ति और शिक्षा पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मछुआरा समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और प्रदेश में मत्स्य पालन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने समाज के लोगों से नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने, अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आगामी जनगणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

