निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत पर उतई में जश्न, ताम्रध्वज साहू भी हुए शामिल

निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत पर उतई में जश्न, ताम्रध्वज साहू भी हुए शामिल

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ में हाल ही में संपन्न हुए नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत पर उतई के बाजार चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस अवसर पर पटाखे फोड़े गए, मिठाइयां बांटी गईं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर जीत की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू भी शामिल हुए। उनके साथ दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान कांग्रेस नेता प्रहलाद वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में मिली सफलता कांग्रेस के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा, “अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है। जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद।”

प्रहलाद वर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान शासन से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है और विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भरोसा भी कमजोर किया है।

उन्होंने कहा कि जनता इन मुद्दों को गंभीरता से देख रही है और यही कारण है कि निकाय चुनावों में कांग्रेस को व्यापक समर्थन मिला है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में भी पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। जश्न के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पक्ष में नारे लगाए और भविष्य के चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन का विश्वास जताया।


Related Articles