Board Paper Leak Case: रायपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले में एनएसयूआई नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। टिकरिहा ने कहा कि यह गिरफ्तारी कांग्रेस और उसके सहयोगी संगठन एनएसयूआई के असली चेहरे को उजागर करती है, जो छात्र हितों की रक्षा करने के बजाय उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव के कथन ‘बड़ा नेता बनना है तो जेल जाओ’ का संदर्भ देते हुए सवाल उठाया कि क्या नेता बनने का यही मापदंड है और क्या वेणु उसी राह पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस संगठन को छात्रों की समस्याओं के लिए लड़ना चाहिए, उसका नेता प्रश्नपत्र केवल कुछ हजार रुपए में बेचते पकड़ा गया, जो शर्मनाक है।
टिकरिहा ने आरोप लगाया कि यह केवल एक व्यक्ति का अपराध नहीं, बल्कि इसके पीछे बड़ा सिंडीकेट और राजनीतिक संरक्षण काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मास्टरमाइंड की तस्वीरें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे और कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं, जो इसके खुले संरक्षण को दर्शाती हैं।
भाजयुमो अध्यक्ष ने कटाक्ष किया कि कांग्रेस हमेशा युवाओं को ठगती रही है—पहले बेरोजगारी भत्ते के नाम पर और अब उनके कठिन परिश्रम को पेपर लीक के माध्यम से नीलाम किया जा रहा है। उन्होंने एनएसयूआई का नाम बदलकर ‘नकल कराओ, सबसे उगाही करो’ संस्थान रखने की बात कही।
टिकरिहा ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की मांग की, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस नेता के पीछे कौन-कौन बड़े हाथ शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजयुमो प्रदेश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ ऐसे खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगा।

