Chhattisgarh Latest News: रायपुर: हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 30 मई को आयोजित होने जा रहे “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। रायपुर प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की और उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री साय ने आमंत्रण के लिए प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त किया और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। इसी अवसर पर उन्होंने “पत्रकारिता मार्तण्ड उत्सव” का पोस्टर भी विमोचन किया।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि यह कार्यक्रम हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा, लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका और पत्रकारिता के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश एवं देश के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ, साहित्यकार और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां शामिल होंगी।
आयोजन में पत्रकार सम्मान, विचार गोष्ठी, विशेष व्याख्यान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष गौरव शर्मा और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

