CG Nagar Panchayat Election: सरगुजा। उत्तर छत्तीसगढ़ की नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाते हुए बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने कांग्रेस उम्मीदवार संजय सोनी को 362 मतों के अंतर से पराजित कर नगर पंचायत के प्रथम अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया है।
हालांकि अध्यक्ष पद पर जीत के बावजूद भाजपा को नगर पंचायत की सामान्य सभा में कांग्रेस के मजबूत विपक्ष का सामना करना पड़ सकता है। 15 वार्डों वाली नगर पंचायत में कांग्रेस के 8 और भाजपा के 7 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इस तरह पार्षदों के संख्या बल में कांग्रेस भाजपा से एक सीट आगे है।
एफआईआर विवाद से गरमाई थी राजनीति
शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ था। चुनाव से पहले जिला कांग्रेस कमेटी के एक पदाधिकारी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो गया था।
एफआईआर के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज थाना परिसर के सामने धरने पर बैठ गए थे। देर रात पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी धरना स्थल पहुंचे और अगले दिन आमरण अनशन की घोषणा कर दी थी। कांग्रेस के दो बड़े नेताओं के इस रुख से पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मच गई थी।
धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का जमावड़ा लगने लगा था। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी वहां पहुंचे और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने एफआईआर मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए एसपी और आईजी को चेतावनी भरे अंदाज में कहा था कि सरकारें आती-जाती रहती हैं और भविष्य में कांग्रेस सरकार बनने पर जवाब लिया जाएगा।
कांग्रेस ने बनाया माहौल, लेकिन नतीजे भाजपा के पक्ष में
एफआईआर विवाद और कांग्रेस के बड़े नेताओं की सक्रियता के बाद राजनीतिक विश्लेषक यह मानकर चल रहे थे कि नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस को बढ़त मिल सकती है। कांग्रेस ने चुनावी माहौल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी, लेकिन मतदाताओं ने अध्यक्ष पद के लिए भाजपा पर भरोसा जताया।
चुनाव परिणामों ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया और भाजपा प्रत्याशी रितेश जायसवाल ने निर्णायक बढ़त के साथ जीत हासिल कर ली।
अध्यक्ष पद का परिणाम
- रितेश जायसवाल (भाजपा) – 2028 वोट
- संजय सोनी (कांग्रेस) – 1666 वोट
- सतपाल साहू – 214 वोट
- नोटा – 29 वोट
जीत का अंतर – 362 वोट
भाजपा के निर्वाचित पार्षद
- श्याम साहू
- प्रमिला साहू
- मंजु गोयल
- अंजलि राजवाड़े
- वर्षा जायसवाल
- मन्नी बग्गा
- प्रशांत अग्रवाल
कांग्रेस के निर्वाचित पार्षद
- अंशुल गोयल
- विमला सिंह
- बिजेंद्र सिंह
- हर्ष दनौदिया
- संतोष जायसवाल
- चंदन सिंह
- वाहिद खान
- दीपमाला सोनी
सामान्य सभा में दिख सकती है राजनीतिक खींचतान
अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत के बावजूद पार्षदों की संख्या में कांग्रेस का पलड़ा भारी है। ऐसे में नगर पंचायत की सामान्य सभा की बैठकों में विभिन्न विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत की राजनीति आने वाले दिनों में काफी दिलचस्प रहने वाली है। भाजपा के पास अध्यक्ष पद की ताकत है, जबकि कांग्रेस के पास पार्षदों का बहुमत। ऐसे में विकास कार्यों और नीतिगत फैसलों को लेकर दोनों दलों के बीच राजनीतिक संघर्ष की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव ने यह साफ कर दिया है कि क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक मुकाबला बेहद कड़ा है और आने वाले समय में यह नगर पंचायत प्रदेश की राजनीति का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकती है।

