केरल पहुंचा मानसून, छत्तीसगढ़ में बढ़ी प्री-मानसून हलचल; तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

केरल पहुंचा मानसून, छत्तीसगढ़ में बढ़ी प्री-मानसून हलचल; तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Chhattisgarh Weather News: रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार 4 जून को केरल में दस्तक दे दी है। सामान्य तौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंच जाता है, लेकिन इस वर्ष इसकी एंट्री तीन दिन की देरी से हुई। हालांकि छत्तीसगढ़ में अभी मानसून नहीं पहुंचा है, लेकिन मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। गुरुवार देर रात रायगढ़ में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के कई इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए अगले तीन दिनों तक गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

प्रदेश में गर्मी बरकरार, रायपुर-राजनांदगांव सबसे गर्म

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

प्रदेश में रायपुर और राजनांदगांव सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आज कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।

रायपुर में धूलभरी आंधी के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बारिश और धूलभरी आंधी की चेतावनी जारी की है। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले सप्ताह बढ़ सकती है मानसूनी गतिविधियां

हालांकि छत्तीसगढ़ में मानसून की औपचारिक एंट्री अभी नहीं हुई है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में मानसून की तेज प्रगति को देखते हुए प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील भी की गई है।


Related Articles