Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान में शुक्रवार को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। विमान के एक इंजन में खराबी आने के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, अलायंस एयर का विमान शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। प्रयागराज से विमान ने दोपहर करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। इसी दौरान मेरठ के आसपास विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने एटीसी से संपर्क किया और विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू की गई।
इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई। पायलट की सूझबूझ और एटीसी के समन्वय से विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान दोपहर करीब 2:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी 54 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
घटना को गंभीरता से लेते हुए विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। विमान में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और इंजन में आई खराबी के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

