बिलासपुर में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई, शिवनाथ नदी से 3 चैन माउंटेन मशीनें जब्त, ऑपरेटर फरार

बिलासपुर में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई, शिवनाथ नदी से 3 चैन माउंटेन मशीनें जब्त, ऑपरेटर फरार

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सख्ती के बावजूद बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल लगातार जारी है। शिवनाथ नदी में नियमों को ताक पर रखकर चैन माउंटेन मशीनों के जरिए अवैध रूप से रेत की खुदाई की जा रही थी। इस मामले में खनिज विभाग ने रविवार देर रात छापेमार कार्रवाई करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनें जब्त की हैं।

यह कार्रवाई पचपेड़ी क्षेत्र के शिवनाथ नदी स्थित उदईबंद और अमलडीहा घाट में की गई। बताया गया कि टीम को मौके पर पहुंचता देख मशीन ऑपरेटर मशीनें छोड़कर फरार हो गए।

सीएम सचिवालय के निर्देश पर कार्रवाई

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री सचिवालय ने प्रदेश के सभी जिलों के खनिज विभाग अधिकारियों को अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता टीम ने रेत घाटों पर दबिश दी।

नदी में उतारी गई थीं भारी मशीनें

रविवार रात टीम जब घाट पहुंची तो नदी के भीतर चैन माउंटेन मशीनों से अवैध उत्खनन किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर तीन मशीनें संचालित होते हुए पकड़ीं। कार्रवाई के दौरान ऑपरेटर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

खनिज विभाग ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत उदईबंध में दो और अमलडीहा में एक मशीन जब्त कर सील कर दी। साथ ही मशीन मालिकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

अन्य क्षेत्रों में भी जारी है अवैध खनन

सूत्रों के मुताबिक बेलगहना-कोनचरा, सोढ़ाखुर्द और करहीकछार क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। रात के समय भारी मशीनों से नदी से रेत निकालकर लगातार परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।


Related Articles