पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया मोड़, प्रकाश चिक बराइक ने छोड़ा सांसद पद, तृणमूल कांग्रेस पर मंडराया संकट

पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया मोड़, प्रकाश चिक बराइक ने छोड़ा सांसद पद, तृणमूल कांग्रेस पर मंडराया संकट

TMC MP Prakash Chik Baraik Resigns: नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को गुरुवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव के बाद यह तीसरे सांसद हैं जिन्होंने पार्टी से दूरी बनाई है। बराइक के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में टीएमसी सांसदों की संख्या घटकर 10 रह जाएगी।

प्रकाश चिक बराइक ने इस्तीफे के बाद कहा, “पश्चिम बंगाल के लोगों की राय का सम्मान करते हुए मैंने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया है।” भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला समय आने पर स्पष्ट होगा।

सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में टीएमसी के कुछ अन्य राज्यसभा सांसद भी इस्तीफा दे सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो पार्टी के लिए राजनीतिक चुनौती और बढ़ सकती है।

इधर, पश्चिम बंगाल में टीएमसी के भीतर असंतोष की खबरें भी सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के कई विधायकों ने नेतृत्व की पसंद के बजाय नेता प्रतिपक्ष पद के लिए ऋतब्रता बनर्जी का समर्थन किया, जिससे संगठन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए हैं।

राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को भेजे गए अपने इस्तीफे में बराइक ने तत्काल प्रभाव से इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभापति, उपसभापति और राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।

प्रकाश चिक बराइक पश्चिम बंगाल के प्रमुख आदिवासी नेताओं में गिने जाते हैं। अलीपुरद्वार जिले से आने वाले बराइक अगस्त 2023 में टीएमसी के टिकट पर राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। वे पश्चिम बंगाल से राज्यसभा पहुंचने वाले अपने समुदाय के प्रमुख आदिवासी नेताओं में शामिल रहे हैं।


Related Articles