Balrampur News: छात्र की पिटाई पड़ी भारी! बांस की छड़ी से मारपीट के आरोप में प्रधान पाठक निलंबित

Balrampur News: छात्र की पिटाई पड़ी भारी! बांस की छड़ी से मारपीट के आरोप में प्रधान पाठक निलंबित

CG Balrampur News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला बालक आश्रम, जिगड़ी में कक्षा पांचवीं के छात्र से मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक विपता राम रवि को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजपुर की ओर से प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।

बांस की छड़ी से छात्र की पिटाई का आरोप

जांच प्रतिवेदन के अनुसार संबंधित छात्र, उसके भाई बाबूलाल, विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षक उमेश कुमार महंत और प्रधान पाठक के बयान दर्ज किए गए। इसके अलावा पंचनामा और विद्यालय की दैनिक छात्र उपस्थिति पंजी का भी परीक्षण किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 13 अगस्त 2026 को कक्षा पांचवीं के छात्र जनक लाल के साथ प्रधान पाठक द्वारा बांस की छड़ी से मारपीट किए जाने की घटना प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गई।

उपस्थिति पंजी में भी मिली विसंगति

जांच के दौरान घटना के दिन से छात्र को अनुपस्थित दर्ज किए जाने को लेकर विद्यालय की उपस्थिति पंजी में भी विसंगति सामने आने की बात कही गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित कृत्य को बालकों के निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 17(1) और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत माना है।

निलंबन अवधि में यहां रहेगा मुख्यालय

जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत प्रधान पाठक विपता राम रवि को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, वाड्रफनगर कार्यालय निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


Related Articles