CG Mahasamund News: महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के केवल दो छंद गाने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कांग्रेस के इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण, आश्चर्यजनक और देशविरोधी राजनीति का प्रतीक बताया है।
रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस वर्ष 1937 में लिए गए अपने पुराने फैसले को दोहराते हुए बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की रचना ‘वंदे मातरम्’ के केवल दो छंद गाने का निर्णय ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के चलते राष्ट्रगीत के साथ ऐसा निर्णय लिया गया था।
‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष पर ऐतिहासिक भूल सुधारने का दावा
भाजपा सांसद ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इस पुराने निर्णय को सुधारने की दिशा में कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकारी आयोजनों में पूरे गीत के गायन का निर्णय राष्ट्रीय एकात्मता को मजबूत करने वाला है।
शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के अपमान का आरोप
रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ का जयघोष करते हुए देश के लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों ने संघर्ष किया और यातनाएं सहीं। कांग्रेस का यह फैसला उनके बलिदान और योगदान का अपमान है।
कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप
उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए विभाजनकारी रुख अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के इस निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा करती है और इसके खिलाफ जनता के बीच तथा विधायी सदनों में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी।

