Chhattisgarh Balodabazar News: बलौदाबाजार। विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम पंचायत स्तर पर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर जिला प्रशासन ने तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त कर दी है। यह कार्रवाई जनपद पंचायत बलौदाबाजार, कसडोल और पलारी क्षेत्र में पदस्थ रोजगार सहायकों के खिलाफ की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत बलौदाबाजार की ग्राम पंचायत देवरी के ग्राम रोजगार सहायक रामकुमार यादव, जनपद पंचायत कसडोल की ग्राम पंचायत सोनाखान के ग्राम रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर और जनपद पंचायत पलारी की ग्राम पंचायत बिजरडीह के ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र कोसले को उनके दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर बर्खास्त किया गया है।
प्रशासन के अनुसार, वीबी-जी राम जी के तहत ग्राम स्तर पर रोजगार सृजन, श्रमिकों का नियोजन, स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन, आवश्यक अभिलेखों का संधारण और शासन के निर्देशों का पालन संबंधित अमले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इन कार्यों में लापरवाही या अनियमितता से योजनाओं के क्रियान्वयन पर असर पड़ सकता है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्ति को प्रशासन की इसी सख्ती का हिस्सा माना जा रहा है।

