Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। शहर के कोहका क्षेत्र में दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दिव्यांगजन कौशल विकास, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण हेतु समग्र क्षेत्रीय केंद्र (CRC), राजनांदगांव द्वारा किया गया, जो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) के अधीन कार्यरत है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सर्व समाज कल्याण समिति, भिलाई के अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह का विशेष सहयोग रहा।
शिविर में दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को पुनर्वास सेवाओं, प्रारंभिक हस्तक्षेप, विशेष शिक्षा, कौशल विकास तथा भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम से उपयोगी जानकारी प्राप्त की और इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना था।

