Surajpur News: सूरजपुर में बरसात में फिसली स्कूल बस, खेत में पलटी; 25 स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे

Surajpur News: सूरजपुर में बरसात में फिसली स्कूल बस, खेत में पलटी; 25 स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मसगा सोनपुर में सोमवार को बरसात के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रतापपुर एचीवर्स इंटरनेशनल स्कूल की बस मोड़ पर ब्रेक लगाने के दौरान फिसलकर अनियंत्रित हो गई और संकरे रास्ते से नीचे खेत में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 स्कूली बच्चे सवार थे।

बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। वहीं प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस बुलाकर सभी बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में कुछ बच्चों को मामूली चोटें और खरोंचें आईं, जबकि सभी की हालत सामान्य पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित हैं। प्रारंभिक तौर पर बारिश के कारण सड़क फिसलनभरी होने से बस के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


Related Articles