Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर की 10 वर्षीय बाल गायिका अरुणिमा शर्मा ‘आद्या’ ने अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। महज 10 वर्ष 7 माह की उम्र में आद्या का नाम India Book of Records 2026 में दर्ज किया गया है। उन्हें “IBR Achiever” सम्मान से नवाजा गया है।
India Book of Records ने आद्या को विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय गायन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 9 प्रमाण पत्र और 1 ट्रॉफी हासिल करने के लिए सम्मानित किया है। उनकी प्रमुख उपलब्धियों में संगीता कला अकादमी, रायपुर के नटरंग महोत्सव में प्रथम पुरस्कार और बस्तर आइडल में द्वितीय उपविजेता का खिताब शामिल है।
आद्या चार भाषाओं में गायन के साथ हारमोनियम वादन भी करती हैं। वह शास्त्रीय संगीत की विद्यार्थी हैं और वोकल प्रथमा (प्रथम) परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने राजनांदगांव मड़ई, YB Champ-6, हर घर टैलेंट सीजन-2, द सिंगिंग आइकन सीजन-2 और Phytositaare जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के फाइनल तक अपनी जगह बनाई है। YB Champ-6 में उन्हें फर्स्ट रनर-अप का सम्मान भी मिला है।
आद्या के छत्तीसगढ़ी लोकगीत और हारमोनियम वादन के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। उनके लाइव गायन और वादन से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सार्वजनिक मंच से उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए आशीर्वाद दिया है।
छत्तीसगढ़ी लोकगीत, देशभक्ति गीत और सुगम संगीत में अपनी अलग पहचान बना चुकी आद्या की प्रस्तुतियों का प्रसारण आकाशवाणी रायपुर सहित विभिन्न टीवी समाचार चैनलों पर भी हो चुका है। उनके गुरु और परिजनों के अनुसार आद्या प्रतिदिन लगभग दो घंटे रियाज़ करती हैं। आद्या का सपना है कि वह एक दिन स्वर कोकिला लता मंगेशकर की तरह देश का नाम रोशन करें।
आद्या की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, संगीत प्रेमियों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

