Surajpur News: प्रतापपुर कॉलेज की समस्याओं को लेकर अभाविप ने खोला मोर्चा, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, 5 दिन में निराकरण नहीं तो घेराव की चेतावनी

Surajpur News: प्रतापपुर कॉलेज की समस्याओं को लेकर अभाविप ने खोला मोर्चा, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, 5 दिन में निराकरण नहीं तो घेराव की चेतावनी

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर: शासकीय कालिदास महाविद्यालय प्रतापपुर में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने मोर्चा खोल दिया है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य को चार सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। परिषद ने चेतावनी दी है कि पांच दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो महाविद्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।

फीस वृद्धि पर रोक लगाने की मांग

अभाविप ने महाविद्यालय में बढ़ती फीस का मुद्दा उठाते हुए फीस वृद्धि पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। परिषद का कहना है कि महाविद्यालय में बड़ी संख्या में विद्यार्थी जनजातीय क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में फीस में बढ़ोतरी विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।

टूटे वाशरूम के दरवाजे, सफाई व्यवस्था पर सवाल

ज्ञापन में महाविद्यालय के वाशरूम की बदहाल व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई। अभाविप के अनुसार वाशरूम के दरवाजे टूटे हुए हैं और नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण वहां गंदगी बनी रहती है। परिषद ने वाशरूम की तत्काल मरम्मत कराने और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

फीस काउंटर पर व्यवहार और 200 रुपये शुल्क का मुद्दा

अभाविप ने फीस काउंटर पर विद्यार्थियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला भी उठाया। इसके अलावा नामांकन की हार्ड कॉपी जमा करने के दौरान विद्यार्थियों से लिए जा रहे 200 रुपये जनभागीदारी शुल्क पर भी सवाल खड़े किए गए।

परिषद का कहना है कि प्रवेश के समय विद्यार्थियों से जनभागीदारी शुल्क पहले ही लिया जा चुका है। ऐसे में हार्ड कॉपी जमा करने के दौरान दोबारा लिया जा रहा 200 रुपये शुल्क वापस किया जाना चाहिए।

पांच दिन का अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं हुई तो घेराव

अभाविप ने महाविद्यालय प्रबंधन को पांच दिनों का समय दिया है। परिषद ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में चारों मांगों का निराकरण नहीं होने पर महाविद्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। परिषद ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री बरत लाल आयम, कैंपस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, राज यादव, अनु पैकरा, प्रमोद सिंह, राकेश कुमार, पवन पैकरा, देवेश कुमार, उमेश कुमार, मुरारी लाल, श्याम यादव, सत्या, अनुराधा, कांति, मुनिया सहित अन्य अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Related Articles